प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट, आकाशीय बिजली से रहें सावधान

प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट, आकाशीय बिजली से रहें सावधान

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से रविवार सुबह जारी जिला स्तरीय तात्कालिक पूर्वानुमान में प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, जालौन, झांसी और आजमगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने दूसरे क्षेत्र में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, कौशांबी, हमीरपुर, जालौन, एटा, झांसी, इटावा, औरैया, फिरोजाबाद, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर तथा आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार रविवार सुबह जारी पूर्वानुमान आगामी चौबीस घंटे के दौरान कई स्थानों पर बादलों की आवाजाही के साथ वर्षा हो सकती है। गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश के साथ आंधी की भी बन सकती है स्थिति

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, इस समय प्रदेश के कई हिस्सों में स्थानीय मौसमीय परिस्थितियां वर्षा के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज और आसपास के जिलों में बादलों की सक्रियता के कारण गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की भी संभावना है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि बारिश के दौरान तापमान में कुछ कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी।

किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विशेषज्ञ ने कहा कि किसान मौसम की स्थिति को देखते हुए खेतों में आवश्यक कार्य सावधानीपूर्वक करें। बारिश और तेज हवाओं की संभावना वाले क्षेत्रों में खुले में रखे सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने के साथ ही जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान से प्रयागराज मंडल समेत पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की उम्मीद बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर मौसम में तेजी से बदलाव होने की स्थिति में लोगों को ताजा मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *