मुजफ्फरनगर। संस्था ग्रामीण समाज विकास केंद्र एवं Just Right for Children (JRC) परियोजना के तहत बुधवार, 19 अगस्त 2026 को जिले में बाल संरक्षण और बाल विवाह निषेध को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान शाहपुर ब्लॉक के हजुर नगर और मिरकुक तथा खतौली ब्लॉक के कलड़वा और सटेडी गांव में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गांवों के 10 मंदिरों और मस्जिदों पर बाल विवाह निषेध संबंधी जागरूकता बैनर लगाए गए। साथ ही संबंधित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई।

15 ड्रॉपआउट बच्चों की सूची जुटाई
अभियान के तहत विद्यालयों से दोबारा जोड़े गए 15 ड्रॉपआउट बच्चों की सूची भी प्राप्त की गई। इसके अलावा बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बच्चों और अभिभावकों से 18 वचन पत्र भरवाए गए।
सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी
अभियान के दौरान परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी जानकारी जुटाई गई। इनमें पेंशन, आयुष्मान कार्ड और श्रमिक कार्ड जैसी योजनाएं शामिल हैं। संबंधित परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग देने की प्रक्रिया की गई।
संस्था के अनुसार अभियान का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से दोबारा जोड़ना, बाल विवाह की रोकथाम करना और बच्चों एवं उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक एवं सहयोग प्रदान करना है।

