मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय जाट महासभा सहारनपुर मंडल के अध्यक्ष एवं मुजफ्फरनगर निवासी अभिजीत बालियान सिसौली ने बुधवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। मुजफ्फरनगर स्थित सपा कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के नेतृत्व में उन्होंने पार्टी का दामन थामा।

अभिजीत बालियान किसान आंदोलन, पेपर लीक के मुद्दे और युवाओं से जुड़े विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। अलग-अलग स्थानों पर आंदोलनों में उनकी सक्रियता रही है। उनके सपा में शामिल होने को पार्टी की ओर से युवाओं के बीच संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

युवाओं से जुड़े आंदोलनों में रहे सक्रिय
अभिजीत बालियान ने किसान आंदोलन समेत पेपर लीक और युवा हितों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर आंदोलनों में भागीदारी की है। उनके सपा में शामिल होने से पार्टी को युवाओं के बीच अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभिजीत बालियान का पार्टी में स्वागत किया और उनके राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
