नई दिल्ली। कांग्रेस राज्यसभा सदस्य रेणुका चौधरी ने 2029 के लोकसभा चुनाव, राहुल गांधी के बयानों और विपक्षी दलों की स्थिति को लेकर उन्होंने कई अहम सवालों के जवाब दिए। जब उनसे पूछा गया कि क्या 2029 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, तो उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जो भी करते हैं, देश के लिए करते हैं। प्रधानमंत्री बनने का फैसला देश करेगा।”

राहुल गांधी के इस बयान पर कि “अगर वे सत्ता में आए तो बहुत से लोग नहीं बचेंगे”, रेणुका चौधरी ने कहा, “अगर राहुल गांधी ने ऐसा कहा है तो वो सोच-समझकर कह रहे हैं।” ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर रेणुका चौधरी ने कहा, “एक लोकतंत्र में हम कोई हाथ-ज्योतिषी बनकर नहीं कह सकते। किसी ने सोचा था कि कोर्ट की एक टिप्पणी पर एक ‘कॉकरोच पार्टी’ बन जाएगी? यही खासियत है इस लोकतंत्र की। कब क्या होगा, जब तक लोकतंत्र जिंदा रहेगा कोई कुछ नहीं कह सकता।

मैं चाहती हूं कि युवाओं की आवाज बुलंद रहे।” ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे की पार्टियों के टूटने के सवाल पर रेणुका चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जब आप किसी को डराते और दबाते हैं, जब आप ईसी और ईडी का इस्तेमाल करते हैं, जब आप आरटीआई दाखिल करते हैं, जब आप उन लोकतांत्रिक हथियारों को छीन लेते हैं जो हमने आम लोगों को दिए थे और जिन्हें ताकत का स्रोत माना जाता था, तो अब सिर्फ एक चीज बचती है, वह है वोट। उसके अलावा भाजपा ने बाकी सब कुछ छीन लिया है।” क्या वंदे मातरम का पूरा गीत राजनीति से प्रेरित है और क्या ये हिंदू-मुस्लिम करने वाला है, इस सवाल पर रेणुका चौधरी ने कहा, “उस समय जो माहौल था, उस कारण से फैसला हुआ था। आज ये लोग किस कारण से कर रहे हैं, वो जानें और भगवान जाने। वैसे तो भगवान राम भी इनसे हटकर बैठे हैं।”
