मुजफ्फरनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को जिले भर में राष्ट्रीय पर्व पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस दौरान शहर के कूकड़ा मंडी में किरण समाज उत्थान सेवा समिति और केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रमों का आयोजन भव्य रूप से किया गया, जहां सभी नागरिकों ने तिरंगे को सलामी दी और अमर शहीदों को नमन किया।


कूकड़ा मंडी में किरण समाज उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने विधिवत ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के बाद उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया और देश की स्वतंत्रता, अखंडता तथा संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर वक्ताओं ने देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों के त्याग व समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

समिति के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह और रविता ढ़ांगे ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देने का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समिति निरंतर समाजहित और जनसेवा के कार्यों में लगी हुई है और आगे भी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देती रहेगी। समिति के सचिव जोनी सिंह ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और राष्ट्र की निरंतर प्रगति व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं दूसरा कार्यक्रम कूकड़ा मंडी स्थित केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार पर आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार के अध्यक्ष एवं मुजफ्फरनगर शामली राजवीर कश्यप ने ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में राजवीर कश्यप ने कहा कि आज का यह दिन हमें देश हित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने की सीख देता है। हमें देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को अक्षुण्ण रखने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे।
“शहीदों के बलिदान को व्यर्थ न जाने देंगे, देश की एकता और अखंडता पर कभी आंच न आने देंगे।”
भाजपा एससी मोर्चा जिला कार्यालय प्रभारी एवं एमएलसी डॉक्टर सुरेंद्र चौधरी के प्रतिनिधि सामोद कुमार दिवाकर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अमर शहीदों और देशभक्तों के बलिदानों को याद करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें देश की अखंडता, एकता और शांति को बनाए रखने के लिए मिलकर प्रयास करने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र की उन्नति, जनसेवा और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश सैनी समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस दौरान वक्ताओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर देश के विकास में भागीदारी निभाने पर बल दिया।
कूकड़ा मंडी परिसर में आयोजित इन दोनों कार्यक्रमों में भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और समिति के सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में गौरव कुमार, अंकुर कुमार, लोकेश नायक, वहलना मंडल उपाध्यक्ष नरेंद्र त्यागी, गजेंद्र त्यागी, सतवीर त्यागी, बबलू त्यागी, बॉबी त्यागी, धूम सिंह कश्यप, कल्लू कश्यप, श्रीमती किरणवती देवी, एडवोकेट कविता, सूर्याकान्त, वंश कुमार, वंशिका, श्रीमती पुनिता, मिनाक्षी सैनी, श्रीमती लक्ष्मी देवी, श्रीमती सविता देवी, भोला सिंह, रामवीर शर्मा, लखविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, परमजीत कौर, दयाल सिंह, हरवंश कौर और सोनू सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया और सभी ने एक-दूसरे को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दीं।
