कानपुर में आधी रात फहराया तिरंगा, कांग्रेस ने निभाई आजादी के दौर से चली आ रही परंपरा

कानपुर में आधी रात फहराया तिरंगा, कांग्रेस ने निभाई आजादी के दौर से चली आ रही परंपरा

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार काे मध्यरात्रि में झंडारोहण कर आजादी का उत्सव मनाया। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए कांग्रेसजन हर तरह से संघर्ष करते रहेंगे।

महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में वार्ड कमेटी चौक सराफा की ओर से देश में केवल कानपुर शहर में होने वाले परंपरागत मध्यरात्रि झंडारोहण कार्यक्रम के तहत 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। मेस्टन रोड स्थित सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल पर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने मध्यरात्रि ध्वजारोहण किया। कांग्रेस के अनुसार, आजादी के समय से ही कानपुर में यह परंपरा लगातार निभाई जा रही है।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की वीर गाथाओं पर आधारित वक्तव्य हुए। राष्ट्रीय गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी और सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।

पवन गुप्ता ने शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए पूर्वजों ने संघर्ष किया और अनेक लोगों ने अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज देश में सांप्रदायिकता, जातिवाद, अराजकता, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याएं हैं। किसानों और छात्रों के उत्पीड़न का भी उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए कांग्रेसजन संघर्ष करते रहेंगे।

कार्यक्रम में शांतनु दीक्षित, संजय त्रिवेदी, उमेश वर्मा, संतोष मिश्र, संतोष पाठक, मो. सिराज, हाजी फहीम, इमरान कुरैशी, संदीप शुक्ला, संजीव दरियाबादी, नौशाद आलम, नरेश त्रिपाठी, मदन मोहन शुक्ला और जियाउर रहमान आदि मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *