प्रयागराज टोल प्लाजा बवाल में बड़ी कार्रवाई, CCTV से 28 वाहन चिह्नित; 6 गाड़ियां सीज

प्रयागराज टोल प्लाजा बवाल में बड़ी कार्रवाई, CCTV से 28 वाहन चिह्नित; 6 गाड़ियां सीज

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा पर बैरियर क्षतिग्रस्त कर बिना टोल दिए वाहन निकालने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता के मामले में पुलिस ने अबतक छह वाहनों को सीज किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन वाहनों की पहचान की थी। मामले में 28 वाहनों के चालकों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने शुक्रवार की रात बताया कि आठ अगस्त को उमर अहमद पुत्र स्वर्गीय अतीक अहमद को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था। इस दौरान नवाबगंज टोल प्लाजा से सरकारी वाहन के गुजरने के बाद पीछे से कई चार पहिया वाहन तेज और खतरनाक तरीके से टोल प्लाजा से निकले। आरोप है कि कुछ वाहनों से टोल कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया। साथ ही टोल का बूथ बैरियर क्षतिग्रस्त कर बिना शुल्क दिए वाहन निकाल लिए गए और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई।

उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक की तहरीर पर नाै अगस्त को नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद 28 वाहनों की पहचान की गई। पुलिस ने इनमें से छह वाहनों को उनके स्वामियों के ठिकानों से बरामद कर सीज कर दिया है। अन्य वाहनों की पहचान और उनके संबंध में विधिक कार्रवाई जारी है।

इन छह वाहनों पर हुई कार्रवाई

पुलिस ने महेन्द्रा थार (यूपी 70 जीडब्ल्यू 2525), मारुति स्विफ्ट (यूपी 70 ईआर 5467), स्कॉर्पियो (यूपी 70 एचबी 1786), क्रेटा (यूपी 70 एचपी 8416), फ्रॉन्क्स (यूपी 70 एचएक्स 3080) और स्कॉर्पियो (यूपी 70 एचएल 7135) को सीज किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मु0अ0सं0 337/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत की गई है।

पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कानून व्यवस्था प्रभावित करने और टोल कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित अन्य वाहनों के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव और उपनिरीक्षक रजनेश कुमार शर्मा शामिल रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *