जौनपुर में आस्था का महासंगम: 38,101 पार्थिव शिवलिंगों का भव्य रुद्राभिषेक, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

जौनपुर में आस्था का महासंगम: 38,101 पार्थिव शिवलिंगों का भव्य रुद्राभिषेक, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

जौनपुर। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन का क्रम तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश के जनपद जाैनपुर में रविवार को नगर स्थित बड़े हनुमान जी मंदिर परिसर में आचार्य रजनीकांत द्विवेदी (कथा व्यास) के सान्निध्य में 38,101 पार्थिव शिवलिंगों का भव्य रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 38 दंपतियों को विधि-विधान से विराजमान कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पार्थिव शिवलिंगों का पूजन कराया गया। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार पार्थिव शिवलिंग का पूजन एवं रुद्राभिषेक अत्यंत फलदायी माना जाता है। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दुग्ध, जल, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

पूजन से पूर्व पार्थिव शिवलिंगों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इसके बाद वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार रुद्राभिषेक का शुभारंभ हुआ। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा। रुद्राभिषेक में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *