देवरिया में पुलिस मुठभेड़: दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; महिला से छीना मंगलसूत्र बरामद

देवरिया में पुलिस मुठभेड़: दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; महिला से छीना मंगलसूत्र बरामद

देवरिया। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में खुखुन्दू थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों आराेपिताें के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा महिला से छीना गया सोने का मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अभि जीत आर शंकर ने बताया कि 29 जुलाई को थाना खुखुन्दू क्षेत्र के ग्राम तिलौली उर्फ डेहरी में एक महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना हुई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि घटना में शामिल दोनों आरोपित बहादुरपुर से पड़री बाजार की ओर जा रहे हैं। सूचना पर महुई पाण्डेय गांव के बाहर पार्क और पुल के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई। उन्होंने बताया कि इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने भागने का प्रयास किया और खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

उन्होंने बताया कि घायल आरोपित की पहचान कलीम शेख (25 वर्ष) पुत्र नईमुल्लाह निवासी मोहन मुंडेरा थाना रामपुर कारखाना के रूप में हुई। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, खोखा, एक मोबाइल और छीना गया लॉकेट बरामद हुआ। दूसरे आरोपित मुसाफिर शाह (24 वर्ष) पुत्र हसनैन शाह निवासी मोहन मुंडेरा थाना रामपुर कारखाना के कब्जे से भी एक तमंचा, कारतूस, खोखा और मोबाइल बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ थाना खुखुन्दू में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार दोनों पर पहले भी लूट के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *