नोएडा। नोएडा के थाना फेस-दो क्षेत्र के बीपीएल कट के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सब्जी लेने जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए भंगेल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां देर रात को उनकी मौत हो गई ।

थाना फेस-दो के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि करन गुप्ता ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मूल रूप से जनपद भोजपुर बिहार के रहने वाले हैं, तथा वर्तमान समय में सेक्टर 8 में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार उनके पिता 31 जुलाई को सुबह के समय फेस- दो स्थित सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने जा रहे थे। जैसे वह बीपीएल कट के पास पहुंचे, एक हाईवा चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। उनको उपचार के लिए भंगेल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर शुक्रवार की देर रात को डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में सतवीर सिंह पुत्र खूब सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह जनपद हाथरस के रहने वाले हैं। पीड़ित के अनुसार बीती रात को उनका बेटा विकास पैदल जा रहा था, तभी एक कमर्शियल वाहन के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दिया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस नाम लेकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में श्री देवी पत्नी कैलाश ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पति कैलाश थाना फेस-दो क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में महिला के पति की कूल्हे की हड्डी टूट गई है तथा शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

