नोएडा। थाना ईकोटेक- तीन क्षेत्र के हल्द्वानी गांव में लगे एटीएम मशीन में तोड़फोड़ कर अज्ञात बदमाशों ने वहां लगी तीन बैटरी, एक यूपीएस, एक आईटी, एक स्टेबलाइजर, एक नेटवर्क माडम, बोल्ट का डायलर आदि चोरी कर लिया है।

थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि सुपर टेक इको विलेज- थ्री निवासी दीपक गरकोटी ने बीती रात को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह इंडिया वन पेमेंट्स लिमिटेड में जोनल ऑपरेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी का एक एटीएम हल्द्वानी गांव में लगा है। वहां पर कस्टोडियन सुबोध पैसे डालने गए तो उन्होंने पाया कि अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम के बैंक रूम से तीन बैटरी, एक यूपीएस, एक आईटी, एक स्टेबलाइजर ,एक नेटवर्क माडम और बोल्ड के डायलर आदि चोरी कर लिया है। पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने एटीएम मशीन में तोड़फोड़ भी की है। थाना प्रभारी ने बताया कि एटीएम के अंदर रखे हुए पैसे को बदमाश चोरी नहीं कर पाए हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


