नोएडा। उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्धनगर नाेएडा के थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के सेक्टर 62 के पास से बाइक पर सवार होकर जा रहे एक ठेकेदार की मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।

थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि रामनाथ अधिकारी (53) पुत्र काली पोदी अधिकारी निवासी न्यू अशोक नगर दिल्ली अपनी स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर बीती रात सी- 103 सेक्टर 63 स्थित कंपनी से दिल्ली स्थित अपने घर जा रहे थे। उनके अनुसार डीएमई कॉलेज के सेक्टर 62 के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में उन्हें चोट लगी। उनको उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान बीती रात को उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि वह एक एक्सपोर्ट कंपनी में ठेकेदार के रूप में काम करते थे।

