झूले की जिद बनी काल: औरैया में 9 साल के मासूम की रस्सी के फंदे में फंसकर दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

झूले की जिद बनी काल: औरैया में 9 साल के मासूम की रस्सी के फंदे में फंसकर दर्दनाक मौत, घर में मचा कोहराम

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधीनगर मोहल्ले में बुधवार दोपहर हादसे में नौ वर्षीय बालक की गले में रस्सी फंसने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

मूलरूप से गोपालपुर निवासी पवन कुमार दुबे बिजलीघर के पास दुकान चलाते हैं, का नौ वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार कक्षा पांच का छात्र था। बुधवार दोपहर पवन कुमार दुकान पर थे, जबकि उनकी पत्नी छत पर कपड़े सुखाने गई थीं और बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आदित्य झूला डालने की जिद कर रहा था। मां ने उसे पढ़ाई करने के लिए डांट दिया, जिसके बाद वह कमरे के अंदर चला गया।

बताया गया कि कमरे में उसने झूला बनाने के लिए रस्सी का फंदा बनाकर उसे छत के कुंडे में फंसाने का प्रयास किया। इसी दौरान रस्सी उसके गले में फंस गई और वह अचेत होकर नीचे गिर पड़ा। कुछ देर बाद बहन कमरे में पहुंची तो आदित्य को अचेत देखकर शोर मचाया। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर अजीतमल कोतवाली पुलिस सीएचसी पहुंची और पंचनामा भरने की कार्रवाई की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए लिखित प्रार्थना पत्र दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बालक की मौत गले में रस्सी फंसने से हुई है। परिजनों की इच्छा के अनुसार पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव उनके सुपुर्द कर दिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *