प्रयागराज में संत रविदास को नमन: भाजपा ने 65 दीप जलाकर शुरू किया समरसता संकल्प अभियान, दिया सामाजिक एकता का संदेश

प्रयागराज में संत रविदास को नमन: भाजपा ने 65 दीप जलाकर शुरू किया समरसता संकल्प अभियान, दिया सामाजिक एकता का संदेश

प्रयागराज। संत शिरोमणि गुरु रविदास ने समाज को बराबरी और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने सिखाया कि ईश्वर की नजर में सभी मनुष्य समान हैं और जन्म या जाति से कोई बड़ा या छोटा नहीं होता। मनुष्य की महानता उसके कर्म और विचारों से तय होती है। संत रविदास ने अपना पूरा जीवन सामाजिक समरसता को समर्पित कर दिया। यह बातें भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सोहबतियाबाग स्थित संत रविदास मंदिर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के दौरान कहीं।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में मंदिर में 65 दीप जलाकर संत रविदास को नमन किया गया। मंदिर के मुख्य द्वार पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई।

संजय गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के आदर्श समता, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश देते हैं। संत रविदास केवल संत नहीं, बल्कि ऐसे युगद्रष्टा थे, जिन्होंने समाज को बराबरी का रास्ता दिखाया। उन्होंने ऐसे समरस समाज की कल्पना की थी, जो आज हमारे संविधान के मूलमंत्र के रूप में दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सभी महापुरुषों, गुरुओं और संतों का सम्मान करते हुए उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाने का काम कर रही है। संत रविदास के विचार आज भी समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।

अलग-अलग चरणों में चलेंगे अभियान

‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान, 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री अकांक्षा सोनकर, महापौर गणेश केसरवानी, डॉ. शैलेश पांडेय, प्रमोद मोदी, राघवेंद्र कुशवाहा, भरत निषाद, अजय आनंद, पूजा गौड़, कंचनलता कुशवाहा, वंदना सिंह, श्याम हेला, अतुल मेहरोत्रा, कल्पना शर्मा, पार्षद आशीष द्विवेदी, अजय सिंह, पार्षद किरन जायसवाल, राजेश गोंड, हरीश पासवान, अनिल गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *