उरई में पुलिस मुठभेड़: दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, चार शातिर चोर गिरफ्तार

उरई में पुलिस मुठभेड़: दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, चार शातिर चोर गिरफ्तार

उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में पुलिस और अंतर्जनपदीय शातिर बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चारों आरोपित चोरी की कई घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं और उनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक गिरोह कदौरा-हमीरपुर हाईवे के खुटमिली लिंक मार्ग से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही कदौरा थाना पुलिस और अन्य पुलिस टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हमीरपुर जिले के निवासी रिंकू राजपूत और हिस्ट्रीशीटर राघवेंद्र राजपूत के पैर में गोली लग गई। वहीं, शैलेंद्र यादव और अंकित राजपूत को पुलिस ने घेराबंदी कर बिना किसी चोट के गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनय सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, पांच मोबाइल फोन तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार भी पुलिस ने मौके से कब्जे में ले ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। हिस्ट्रीशीटर राघवेंद्र राजपूत समेत गिरोह के सदस्यों के खिलाफ चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि कदौरा थाना क्षेत्र के खुटमिली लिंक मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। आरोपितों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, चोरी के उपकरण और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *