मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। महिला सुरक्षा को लेकर सक्रिय मीरापुर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और कुछ ही समय में आरोपी को दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मीरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाने पहुंचकर एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना विलंब किए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।

मामले की विवेचना और आरोपी की तलाश की जिम्मेदारी स्थानीय चौकी प्रभारी योगेश तेवतिया को सौंपी गई। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र से फरार होने की फिराक में कुतुबपुर गंगनहर पटरी के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी शादाब पुत्र शकील को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई।
चौकी प्रभारी योगेश तेवतिया ने बताया कि आरोपी को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और पीड़िता के चिकित्सकीय परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जा सके।

