कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर सरकार का फोकस, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अफसरों संग किया मैराथन निरीक्षण

कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर सरकार का फोकस, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अफसरों संग किया मैराथन निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश सरकार ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल शनिवार को पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वर्मा सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत बजहेड़ी फाटक से हुई, जहां से अधिकारी कच्ची सड़क, शिव चौक और मेरठ रोड स्थित अटल चौक तक पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन करते रहे। इस दौरान सड़क, सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का मौके पर परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, भव्य और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करनी होंगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों शिवभक्तों की आस्था और सनातन संस्कृति का महापर्व है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लाखों कांवड़िये मुजफ्फरनगर से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन का दायित्व है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान बजहेड़ी फाटक पर जलभराव की समस्या सामने आने पर मंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति नहीं रहनी चाहिए।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों को तत्काल भरने तथा संवेदनशील स्थानों और मोड़ों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर पालिका और संबंधित विभागों को पूरे मार्ग की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तत्काल दूर करने के लिए कहा गया।

मंत्री ने विद्युत विभाग को कांवड़ पटरी और मुख्य मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर, अस्थायी शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को पूरे कांवड़ मार्ग पर अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के लिए कहा गया।

कांवड़ मार्ग के इस व्यापक निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित जल निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के समापन पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी तैयारियों की अंतिम रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करे, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *