मुजफ्फरनगर। जनपद के मीरपुर कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर शाम आवारा कुत्तों के एक हिंसक झुंड ने भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष रेखा महेश्वरी पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष रेखा महेश्वरी देर शाम पंजाबी कॉलोनी से अपने घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक आवारा कुत्तों के एक बड़े झुंड ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को वहां से भगाया और रेखा महेश्वरी को उनके चंगुल से बचाया। इसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद कस्बे के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मीरपुर कस्बे के रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। पिछले कुछ महीनों में कुत्तों के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं। गलियों और मोहल्लों में झुंड बनाकर घूमते आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों का आरोप है कि न तो कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया और न ही उनके बंध्याकरण की व्यवस्था की गई।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि कस्बे में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

