कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर मुजफ्फरनगर में बिजली कटौती, 18 और 19 जुलाई को कई इलाकों में रहेगा शटडाउन

कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर मुजफ्फरनगर में बिजली कटौती, 18 और 19 जुलाई को कई इलाकों में रहेगा शटडाउन

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 220 केवी लाइन पर आवश्यक मेंटेनेंस कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 18 जुलाई और 19 जुलाई 2026 को मुजफ्फरनगर शहर के कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

विद्युत नगरीय वितरण खंड मुजफ्फरनगर के अधीक्षण अभियंता (तकनीकी एवं प्रशासन) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को मजबूत और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह आवश्यक कार्य किया जा रहा है। इसके लिए 18 और 19 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 33 केवी लाइनों का शटडाउन रखा जाएगा।

शटडाउन के दौरान 33 केवी टाउन हॉल, 33 केवी महावीर चौक, 33 केवी बेगराजपुर, 33 केवी यूपी, 33 केवी सर्वोत्तम, 33 केवी-3, 33 केवी इंडस्ट्रियल-1 और 33 केवी इंडस्ट्रियल-2 से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

बिजली कटौती का असर शहर के टाउन हॉल, महावीर चौक और बेगराजपुर क्षेत्र के घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कई औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ेगा। विभाग के अनुसार फेज-1 और फेज-3 से जुड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों की विद्युत आपूर्ति भी निर्धारित समय के लिए बाधित रहेगी।

प्रभावित होने वाली प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में आईएसजीईसी हैवी इंजीनियरिंग, सर्वोत्तम रोलिंग मिल, सूयश कॉफ्ट एंड पेपर प्राइवेट लिमिटेड, सतगुरु मेटालॉयड, एरिस्टो कॉफ्ट एंड पेपर, दुर्गा इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, वहलना स्टील एंड एलॉयज, एमएसए स्टील एंड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड, राणा स्टील इंडिया लिमिटेड, बरनाला स्टील प्राइवेट लिमिटेड, सिग्मा कोस मोस स्टील प्राइवेट लिमिटेड, जय बालाजी रोलिंग मिल सहित अन्य इकाइयां शामिल हैं।

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं और उद्योग संचालकों से अपील की है कि वे शटडाउन अवधि को ध्यान में रखते हुए पहले से आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। विभाग का कहना है कि यह मेंटेनेंस कार्य भविष्य में बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति और कार्य की प्रगति के आधार पर शटडाउन के समय में बदलाव किया जा सकता है। बिजली संबंधी किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *