मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे के एक व्यस्त इलाके में स्थित पेट्रोल पंप पर गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने पेट्रोल में मिलावट का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में वाहन चालक मौके पर एकत्र हो गए और पेट्रोल की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नई आबादी निवासी दानिश अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए संबंधित पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद वह कुछ ही दूरी तय कर पाए थे कि उनकी बाइक अचानक झटके के साथ बंद हो गई। कई बार स्टार्ट करने का प्रयास करने के बावजूद बाइक चालू नहीं हुई।

दानिश का कहना है कि संदेह होने पर उन्होंने मैकेनिक की मदद से बाइक की टंकी से पेट्रोल निकलवाया। उनके अनुसार निकाले गए ईंधन का रंग और घनत्व सामान्य नहीं था। इसके बाद उन्होंने उस ईंधन को एक पारदर्शी बोतल में भरकर पेट्रोल पंप प्रबंधन के सामने विरोध जताया और मिलावट का आरोप लगाया।
पीड़ित युवक का आरोप है कि शुद्ध पेट्रोल के नाम पर मिलावटी ईंधन दिया गया, जिससे उसकी बाइक का इंजन प्रभावित हो गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने बोतल में निकाला गया ईंधन दिखाया तो पंप कर्मी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद अन्य वाहन चालक भी युवक के समर्थन में उतर आए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस पेट्रोल पंप पर पहले भी ईंधन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन हर बार मामला दबा दिया गया।
मामले की सूचना क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक अमित यादव को दी गई। उन्होंने बताया कि शिकायत और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पेट्रोल पंप से ईंधन के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि यदि जांच रिपोर्ट में ईंधन में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

