मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की युवा जिलाध्यक्ष रंजनी शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और किसान आबकारी कार्यालय पहुंचे और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अचानक हुए प्रदर्शन से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद भाकियू नेताओं ने जिला आबकारी अधिकारी रवि शंकर को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न मांगों के समाधान के लिए 15 दिन का समय दिया।

धरने को संबोधित करते हुए युवा जिलाध्यक्ष रंजनी शर्मा ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संगठन प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग करता है। उनका आरोप था कि स्थानीय आबकारी इंस्पेक्टरों की कथित मिलीभगत से खादर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब का निर्माण और कारोबार हो रहा है, जिससे गरीब परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वैध शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलकर खुलेआम ओवररेटिंग की जा रही है।

भाकियू (तोमर) के नेताओं ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार शराब की दुकानों का संचालन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक होना चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर दुकानें तय समय से पहले खोल दी जाती हैं और रात 10 बजे के बाद भी शराब की बिक्री जारी रहती है। संगठन का आरोप है कि इन अनियमितताओं पर रोक लगाने में स्थानीय आबकारी विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान संगठन ने जिला आबकारी अधिकारी को 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर रोक लगाने, शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग बंद कराने, निर्धारित समय का सख्ती से पालन कराने तथा विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने सहित कई मांगें शामिल थीं।
भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई और कथित अनियमितताओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
प्रदर्शन में नेहा राणा, मौना, कविता, रविता, आबिदा, मौनिका, बीर, बृजेश, सोनू, साजिद, नौशाद सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, जिला आबकारी अधिकारी रवि शंकर ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

