मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को शुक्रवार देर शाम बड़ी सफलता मिली। न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 15 हजार रुपये का इनामी एवं वांछित बदमाश समीर उर्फ फौजी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी रोहित जंगल में भागने के दौरान पुलिस की घेराबंदी में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस टीम काली नदी पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों तेजी से बाइक दौड़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। बारिश के कारण कच्चे रास्ते पर बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों बदमाश वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

पुलिस के अनुसार भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले दोनों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जब फायरिंग जारी रही तो आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी फायरिंग में समीर उर्फ फौजी पुत्र हनीफ उर्फ लाला निवासी शीतला नगर नई आबादी, थाना खतौली के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं उसका साथी रोहित पुत्र निर्भय निवासी ग्राम जीवन थाना मंसूरपुर, हाल निवासी आनंद विहार, भूड़ चौकी के निकट, थाना खतौली जंगल की ओर भाग निकला, जिसे पुलिस टीम ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर दबोच लिया।
घायल समीर को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार समीर उर्फ फौजी एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह शहर कोतवाली में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी रोहित का भी आपराधिक इतिहास होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसका उपयोग दोनों कथित रूप से आपराधिक गतिविधियों में कर रहे थे।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा तथा कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा ने किया। मुठभेड़ और गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक शशि कपूर, कांस्टेबल नवीन सैनी, सुल्तान सिंह और टिंकू की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

