महोबा। बुंदेलखंड के महोबा जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दबंग ने घर में घुसकर युवती से अश्लीलता की। आरोपी ने युवती का गला दबाया, कपड़े फाड़े और विरोध करने पर भाई का डंडे से सिर फोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि 30 जून की देर शाम वह अपने घर के अंदर खाना बना रही थी। तभी गांव का ही करन उसके पास आया और गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ अभद्रता करते हुए उसका गला दबा दिया और कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर जब युवती का भाई बचाने आया तो करन ने डंडा मारकर उसका सिर फोड़ दिया।

जिसके बाद आरोपी करन ने अपने भाई भान और अन्य परिजनों के साथ मिलकर दोनों भाई-बहन की जमकर पिटाई कर दी।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय ने बुधवार को बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी करन , उसका भाई भान, परमेश्वरी दयाल समेत उसके 7 साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक शिवम पांडेय द्वारा की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

