औरैया गल्ला मंडी में दर्दनाक हादसा, कूलर में उतरे करंट से पल्लेदार की मौत; परिवार में मचा कोहराम

औरैया गल्ला मंडी में दर्दनाक हादसा, कूलर में उतरे करंट से पल्लेदार की मौत; परिवार में मचा कोहराम

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन गल्ला मंडी समिति में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पल्लेदार की मौत हो गई। चाय की दुकान के बाहर रखे कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात निवासी मुकेश (27) पुत्र रामप्रकाश औरैया की नवीन गल्ला मंडी में पल्लेदारी का कार्य करता था। मंगलवार की देर शाम वह मंडी परिसर में स्थित एक चाय-पान मसाला की दुकान पर पहुंचा। दुकान के बाहर रखे कूलर के पास बैठते समय उसका शरीर अचानक कूलर से छू गया। बताया जा रहा है कि कूलर में करंट उतर आया था, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मंडी में मौजूद लोगों ने बिना देर किए मुकेश को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

सूचना मिलने पर सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला कूलर में करंट उतरने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *