मोरना (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में देर रात चोरों ने एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती स्थित मस्जिद तैयबा में अज्ञात चोर घुस गए और वहां से कीमती सामान के साथ दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार रविवार देर रात अज्ञात चोर मस्जिद का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। मस्जिद के मुतवली मोहम्मद जमील और सहायक मुतवली तथा स्थानीय सभासद मुस्तकीम ने बताया कि चोरों ने मस्जिद में लगा स्टेबलाइजर और सीलिंग फैन खोल लिया। इसके बाद उन्होंने मस्जिद परिसर में रखे दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी भी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए।

सुबह नमाज के लिए पहुंचे लोगों ने जब मस्जिद का सामान अस्त-व्यस्त देखा तो चोरी की घटना का पता चला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। धार्मिक स्थल पर चोरी की वारदात से लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया और उन्होंने इसे बेहद गंभीर घटना बताया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बावजूद प्रभावी निगरानी नहीं होने से असामाजिक तत्व बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
घटना की सूचना भोपा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थल पर हुई चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। लोगों ने चोरी गए सामान और दानपात्र की नकदी बरामद करने के साथ-साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

