खतौली (मुजफ्फरनगर)। तहसील मुख्यालय पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सोमवार को धनगर समाज के लोगों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए पात्र लोगों के अनुसूचित जाति (धनगर) के जाति प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराने की मांग की। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक आश्वासनों के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ज्ञापन में धनगर समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि इससे पहले मुजफ्फरनगर के जिला सभागार में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में समाज द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर पात्र लोगों के जाति प्रमाण पत्र नियमानुसार जारी करने का आश्वासन दिया गया था। उनका आरोप है कि सहमति बनने के बाद भी स्थानीय स्तर पर मामलों का निस्तारण नहीं किया जा रहा और प्रक्रिया अनावश्यक रूप से लंबित रखी जा रही है।

समाज के लोगों का कहना है कि शासन और प्रशासन के स्पष्ट दिशा-निर्देश होने के बावजूद पात्र व्यक्तियों को धनगर जाति के प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसके कारण समाज के युवाओं को शिक्षा, सरकारी नौकरियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जिला स्तर पर लिए गए निर्णय के अनुरूप जनपद की सभी तहसीलों में पात्र लोगों के जाति प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए जाएं।
धनगर समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 10 जुलाई को फ्रेंड्स कॉलोनी, मुजफ्फरनगर स्थित शिव मंदिर के पास से जिलाधिकारी कार्यालय तक विशाल आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में विरजेश कुमार धनगर, बिजेंद्र कुमार, शिव कुमार, महक सिंह, सतेंद्र, मांगेराम, अधिवक्ता रवि, संजीव, मोनू, सोनू सहित धनगर समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग दोहराई।

