शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। नगर से प्रसिद्ध पाहड़न माता मंदिर तक जाने वाले मार्ग के निर्माण की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। राष्ट्रीय लोकदल विधानमंडल दल के नेता एवं क्षेत्रीय विधायक राजपाल बालियान के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ सत्तर लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। धनराशि स्वीकृत होने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

नगर पंचायत शाहपुर के सभासदों के संयुक्त प्रयासों और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद पाहड़न माता बाईपास सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग उठाई जा रही थी, क्योंकि मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को खराब सड़क के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क बनने से श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने विधायक राजपाल बालियान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नगर पंचायत के सभासदों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्य संभव हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नई सड़क बनने से न केवल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर रालोद नगर अध्यक्ष शाहपुर मनोज सैनी, नामित सभासद अभिषेक चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नामित सभासद कपिल सैनी, सावंत नामदेव, रालोद अल्पसंख्यक नगर अध्यक्ष मोहसिन रंगरेज, सभासद सतीश पाल, सभासद रेनू कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने और समयबद्ध तरीके से पूरा होने की उम्मीद जताई।

