बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में बौंडी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर अपराधी असलम घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, थाना बौंडी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना बौंडी पुलिस को लगाया गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खैरा बाजार से आगे कुदई मार्ग पर कुछ अपराधी चोरी की योजना बना रहे हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान असलम पुत्र नदीम निवासी सारी मेहराबाद, थाना रामगांव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 16 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पायल, आठ बिछिया, एक देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि असलम के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर समेत करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना रामगांव का हिस्ट्रीशीटर है तथा थाना फखरपुर में गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फरार बदमाशों की पहचान में एक आरोपी फिरोज है, जो थाना बौंडी क्षेत्र का निवासी है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

