मुजफ्फरनगर। थाना खालापार क्षेत्र के अंतर्गत स्थित हिंदू बहुल साउथ कृष्णापुरी मोहल्ले में एक मकान की खरीद-फरोख्त को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। दो हिंदू भाइयों द्वारा अपना मकान मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति को बेचे जाने की सूचना के बाद हिंदू संघर्ष समिति और स्थानीय निवासियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की गई।

बताया जा रहा है कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार उर्फ साधु मंगलवार देर रात समर्थकों के साथ साउथ कृष्णापुरी पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद मोहल्ले में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान मकान की बिक्री को लेकर लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं और आगे की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में समिति की ओर से प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय के भीतर मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के विभिन्न इलाकों में इस प्रकार के भूमि सौदों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
बुधवार दोपहर विवाद उस समय और गहरा गया जब वार्ड सभासद राजीव शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि कॉलोनी निवासी अर्पित जैन और अंकित जैन ने अपना मकान मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति को बेच दिया है, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल पैदा हो गया है।
ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि इस प्रकार की खरीद-फरोख्त से क्षेत्र के सामाजिक माहौल और आपसी सौहार्द पर प्रभाव पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मामले को लेकर पहले भी मोहल्ले स्तर पर विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद मकान का बैनामा कर दिया गया।
ज्ञापन में कुछ अन्य आरोप भी लगाए गए हैं, जिनमें संबंधित मकान मालिकों के यहां संदिग्ध लोगों के आने-जाने की बात कही गई है। हालांकि इन आरोपों की अभी तक किसी सरकारी एजेंसी या पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही विवादित मकान की रजिस्ट्री से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।

