औरैया में चोरी की बढ़ती वारदातें: करियापुर गांव में घर से नकदी और चांदी के जेवरात चोरी

औरैया में चोरी की बढ़ती वारदातें: करियापुर गांव में घर से नकदी और चांदी के जेवरात चोरी

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के सहायल थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार की बीती रात करियापुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए तिजोरी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे एक लाख रुपये से अधिक कीमत के चांदी के जेवरात तथा नकदी पार कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

करियापुर निवासी पीड़ित लाल सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात परिवार के सभी सदस्य घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे अज्ञात चोर घर में घुस आए और कमरे में रखी तिजोरी का ताला तोड़ दिया। चोर तिजोरी में रखी चांदी की कमर पेटी, एक जोड़ी पायल, पुत्री की एक जोड़ी पायल, चांदी की जंजीर तथा 7 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।

सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के लोग जागे तो तिजोरी का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। घर में सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात व नकदी गायब थी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल सहायल थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध लोगों की तलाश भी की जा रही है।

गौरतलब है कि सहायल थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर चोरी की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 13 जून को पुरंदरपुर गांव में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई थी, जबकि 21 जून को पुरवा हेमा गांव में भी चोर एक लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए थे।

लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *