मथुरा सड़क हादसे का दर्दनाक अंत: औरैया में एक साथ उठीं पिता-पुत्र की अर्थियां, रो पड़ा पूरा इलाका

मथुरा सड़क हादसे का दर्दनाक अंत: औरैया में एक साथ उठीं पिता-पुत्र की अर्थियां, रो पड़ा पूरा इलाका

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर नगर के विकास कुंज क्षेत्र में शनिवार को उस समय गमगीन माहौल छा गया, जब सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ठेकेदार परमहंस पांडेय और उनके इंजीनियर पुत्र पुष्पेंद्र पांडेय की अर्थियां एक साथ घर से उठीं। पिता-पुत्र की अंतिम विदाई का यह मार्मिक दृश्य देखकर हर आंख नम हो गई। परिजनों की चीख-पुकार और मातम से पूरा मोहल्ला शोक में डूब गया। शुक्रवार तड़के मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दोनों की मौत हो गई थी।

दिबियापुर निवासी परमहंस पांडेय अपने पुत्र पुष्पेंद्र पांडेय के साथ कार से गुजरात के वडोदरा जा रहे थे। इसी दौरान बलदेव थाना क्षेत्र के बरौली गांव के पास माइलस्टोन 136 पर उनकी किआ कार अनियंत्रित होकर सुल्तानपुर डिपो की रोडवेज बस से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक पिता-पुत्र दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परमहंस पांडेय मूल रूप से गाजीपुर जिले के निवासी थे। वह दिबियापुर में परिवार के साथ रहकर गुजरात के वडोदरा में मैकेनिकल ठेकेदारी का कार्य करते थे। उन्होंने विकास कुंज में अपना मकान बनवाया था और लंबे समय से यहीं निवास कर रहे थे।

उनके बड़े पुत्र पुष्पेंद्र पांडेय ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था और वडोदरा में नौकरी कर रहे थे।

परिजनों ने बताया कि कुछ माह पहले ही उन्होंने नई कार खरीदी थी, जिससे दोनों गुजरात जा रहे थे। शनिवार को पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार कन्नौज के मेहंदी घाट पर किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से दोनों को श्रद्धांजलि दी। शोकाकुल माहौल में पत्नी बार-बार बेटे को याद कर बिलखती रहीं, जबकि छोटा बेटा अपने पिता और बड़े भाई को पुकारता रहा। यह दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखें भी छलक उठीं।परिवार में अब परमहंस पांडेय की पत्नी और छोटा पुत्र ही शेष रह गए हैं।

शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा, भाजपा नेता कमलेश अवस्थी, गिरीश तिवारी, सपा नेता विपिन गुप्ता समेत सैकड़ों लोग पहुंचे। सभी ने दिवंगत पिता-पुत्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *