जौनपुर में लापता किशोर का जंगल में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर में लापता किशोर का जंगल में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र स्थित पिपरा गांव में शनिवार को एक किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। किशोर के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पिपरा गांव निवासी सुरेश यादव का पुत्र आरुष यादव (14) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से लापता था। परिजनों के अनुसार वह पाही पर भोजन करने के बाद घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान शनिवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे गांव से करीब 400 मीटर दूर बंधे के पास जंगल में एक किशोर का शव पड़े होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान आरुष यादव के रूप में की। ग्राम प्रधान की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से एक माचिस तथा शव के पास से बीड़ी का बंडल बरामद हुआ है। शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरुष अपने ननिहाल नरायनपुर गांव में रहकर पढ़ाई करता था और गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अपने पैतृक गांव पिपरा आया हुआ था।

इस मामले में क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि 14 वर्षीय किशोर का शव मिला है। उसके पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *