मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण-ठगी का सनसनीखेज मामला, ‘फर्जी पहचान’ बनाकर भाजपा नेत्री से निकाह और ₹30 लाख ठगी का आरोप, आरोपी फरार

मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण-ठगी का सनसनीखेज मामला, ‘फर्जी पहचान’ बनाकर भाजपा नेत्री से निकाह और ₹30 लाख ठगी का आरोप, आरोपी फरार

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में लव जिहाद, फर्जी पहचान और जबरन धर्मांतरण से जुड़े एक गंभीर मामले ने जिले में हड़कंप मचा दिया है। पीड़िता के आरोपों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार मामले में नामजद आरोपी अशफाक सलमानी उर्फ इशाक उर्फ राजीव बालियान उर्फ राजू पर आरोप है कि उसने कथित रूप से हिंदू पहचान ‘राजीव बालियान’ बताकर एक भाजपा नेत्री से संपर्क बनाया और शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाया।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसे जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया और नमाज, रोजा तथा मांसाहार अपनाने का दबाव बनाया गया। इसके साथ ही व्यापार में निवेश के नाम पर उससे करीब 30 लाख रुपये की ठगी भी की गई।

मामले में पुलिस ने आरोपी के साथ उसके परिवार के सदस्यों माजिद, फैजान, आयशा और खुशबू के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को भाजपा से जुड़ा प्रभावशाली व्यक्ति बताकर राजनीतिक रसूख का झूठा प्रभाव बनाया और सोशल मीडिया पर नेताओं के साथ तस्वीरें डालकर लोगों को भ्रमित किया। इसी आधार पर वह लंबे समय तक इलाके में सक्रिय रहा।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 सीआरपीसी के तहत दर्ज कराया है। साथ ही मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें दुष्कर्म और रंगदारी से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन सभी मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें, एसओजी और सर्विलांस यूनिट को लगाया गया है। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों की भी गहन जांच की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा है कि महिलाओं से जुड़े मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल आरोपी फरार है और उसके मोरना स्थित आवास पर ताला लटका मिला है। पुलिस गांव में निगरानी बढ़ाकर लगातार दबिश दे रही है, जबकि मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *