दिल्ली निकाह, जबरन गर्भपात और धोखे के आरोप से हड़कंप, बेंगलुरु की महिला ने मुजफ्फरनगर भोपा थाने में लगाई न्याय की गुहार

दिल्ली निकाह, जबरन गर्भपात और धोखे के आरोप से हड़कंप, बेंगलुरु की महिला ने मुजफ्फरनगर भोपा थाने में लगाई न्याय की गुहार

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के पटौली गांव से जुड़े एक युवक पर एक बेंगलुरु निवासी महिला ने प्रेमजाल में फंसाकर जीवन बर्बाद करने, जबरन गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

पीड़िता के अनुसार उसकी पहचान लगभग दो वर्ष पहले बेंगलुरु में हुई, जहां वह अपने वैवाहिक जीवन में परेशान चल रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात भोपा क्षेत्र के युवक से हुई, जिसने खुद को सहारा देने वाला बताकर धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का भरोसा दिया।

महिला का आरोप है कि युवक ने उसे पहले पति से तलाक लेने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित किया और इसके बाद उसे दिल्ली ले जाकर निकाह किया। बाद में दोनों बेंगलुरु में साथ रहने लगे, जहां महिला गर्भवती हो गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भ ठहरने के बाद आरोपी ने बच्चा रखने से इनकार कर दिया और दबाव बनाकर उसका जबरन गर्भपात कराया। इसके बाद आरोपी ने उसे अकेला छोड़ दिया और संपर्क तोड़ दिया।

मामले में नामजद आरोपी पटौली निवासी युवक पर यह भी आरोप है कि वह अब फोन पर धमकियां दे रहा है और महिला को गांव आने पर जान से मारने की चेतावनी दे रहा है। पीड़िता ने उसके परिजनों पर भी धमकी और दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

शनिवार को न्याय की मांग को लेकर पीड़िता बेंगलुरु से सीधे भोपा थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। उसने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार शिकायत में मुख्य घटनाएं बेंगलुरु और दिल्ली से जुड़ी होने के कारण वहां की पुलिस के साथ समन्वय कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी, जबकि स्थानीय स्तर पर धमकी और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जांच की जा रही है।

थाना भोपा पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं और पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *