जानसठ (मुजफ्फरनगर)। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ फोटो डालकर दहशत फैलाने और इलाके में रौब जमाने की कोशिश करने वाले युवकों के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी कार्रवाई के तहत थाना जानसठ पुलिस ने एक ऐसे ही आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है, जिसने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ अपनी फोटो वायरल की थी।

जानकारी के अनुसार कवाल गांव निवासी अरशद पुत्र मुमतियाज ने अवैध तमंचे के साथ अपनी फोटो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी, जो कुछ ही समय में तेजी से वायरल हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों और सोशल मीडिया पर अपराधियों के प्रदर्शन के खिलाफ विशेष डिजिटल निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ने के लिए टीम गठित की।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कवाल से पिमौड़ा जाने वाले लिंक मार्ग पर मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। इसके बाद उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, बिजेन्द्र, कांस्टेबल रोहित कुमार बिधूडी और मनीष कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस ने बरामद असलहे को फोरेंसिक और बैलिस्टिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से यह भी पूछताछ की जा रही है कि उसने यह हथियार कहां से प्राप्त किया और सोशल मीडिया पर फोटो डालने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था।
एसपी देहात व क्षेत्राधिकारी जानसठ के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है। वहीं, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

