अमेठी में धान रोपाई के दौरान करंट लगने से दो किसानों की मौत, गांव में मातम

अमेठी में धान रोपाई के दौरान करंट लगने से दो किसानों की मौत, गांव में मातम

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के हरपालपुर गांव में शुक्रवार सुबह धान की रोपाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। धान रोपाई के लिए खेत में भरे जा रहे पानी दौरान अचानक कहीं से विद्युत करंट प्रवाहित होने लगा। जिसकी चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची स्थानीय कोतवाली पुलिस जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरपालपुर गाँव निवासी हीरालाल प्रजापति अपनी ट्यूबवेल पर धान लगाने के लिए खेत में पानी भरने हेतु सुबह करीब पांच बजे खेत गए हुए थे। इसी दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। तभी वहां से गुजर रहे इस गांव के रामबोध यादव को लगा कि हीरालाल को दौरा पड़ा हुआ है और वह उन्हें बचाने के लिए तत्काल हीरालाल के पास पहुंचे और जैसे ही हीरालाल को छुआ वह भी विद्युत करेंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

खेत में ट्यूबवेल से पानी भरा जा रहा था । आशंका है कि कहीं पर तार खुला हुआ था जिसके चलते करंट उतर आया, दोनों किसान उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर (ट्रॉमा सेंटर) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद हीरालाल प्रजापति (52) पुत्र गुरुदीन प्रजापति और रामबोध यादव (55) पुत्र शिवभरत यादव को मृत घोषित कर दिया। दो किसानों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन दोनों शवों को बिना पुलिस को सूचना दिए घर ले गए। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

इस घटना के संबंध में जगदीशपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा अभी तक सूचित नहीं किया गया है। बाहरी व्यक्तियों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी प्रकाश में आई है। फिलहाल पुलिस मौके पर जा रही है। घटना की जांच पड़ताल की जाएगी और परिजनों की स्वीकृति पर पंचायतनामा तथा पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *