मुज़फ़्फ़रनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को तीन युवक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान करीब 20 से 22 वर्षीय ओम पुंडीर पुत्र प्रवीण, निवासी कछौली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक को दीदाहेड़ी गांव के पास .32 बोर के हथियार से गोली मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से खून के धब्बे मिलने की पुष्टि की है और आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक को गोली किसने मारी और वारदात के पीछे क्या वजह रही। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले तीन युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओम को सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि यह घटना बेहद गंभीर है और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक को गोली किसने मारी और इसके पीछे क्या कारण रहा। घायल युवक को तीन युवकों द्वारा अस्पताल लाया गया था, जिन्होंने बताया कि उन्होंने उसे सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने आगे बताया कि अभी तक कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। पुलिस घटनास्थल से मिले खून के धब्बों और अन्य साक्ष्यों को एकत्र कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच की जा रही है।

