मुजफ्फरनगर। जनपद में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रुड़की रोड स्थित भाजपा नेता जगदीश पांचाल के कैंप कार्यालय पर “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान” के तहत जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के न्यूनतम आठवीं पास युवक-युवतियां इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पात्र अभ्यर्थियों को बिना गारंटी 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में पहुंचे युवाओं को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन पंजीकरण की पूरी जानकारी दी गई। मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कर योजना का लाभ लेने में रुचि दिखाई।

कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता जगदीश पांचाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जिले में लाखों युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान लगभग 110 युवाओं ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पंजीकरण कराया।
भाजपा नेता जगदीश पांचाल ने बताया कि “मेरे मन में यह विचार आया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की इस योजना को और आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का जो प्रयास चल रहा है, उसी को आगे बढ़ाते हुए हमने अपने जन्मदिन पर यह शिविर आयोजित किया। हमारा उद्देश्य है कि अधिक से अधिक युवा इस योजना से जुड़ें और आत्मनिर्भर बनें। हम युवाओं को हर कदम पर सहायता उपलब्ध कराएंगे।”

