मुजफ्फरनगर में बच्ची पर कुत्तों के हमले के बाद हरकत में स्वास्थ्य विभाग, जिला अस्पताल पहुंचे CMO; आवारा कुत्तों को हटाने के निर्देश

मुजफ्फरनगर में बच्ची पर कुत्तों के हमले के बाद हरकत में स्वास्थ्य विभाग, जिला अस्पताल पहुंचे CMO; आवारा कुत्तों को हटाने के निर्देश

मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड के बाहर आवारा कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई तीन वर्षीय मासूम मीरब का मामला तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। सोमवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया जिला अस्पताल पहुंचे और बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।

सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मीरब की उपचार व्यवस्था का जायजा लिया और चिकित्सकों से उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बच्ची के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और उसे सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके बाद डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों की धरपकड़ और उन्हें हटाने के लिए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजा गया है। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की जा रही है।

सीएमओ ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर को आवारा कुत्तों से मुक्त कराने के लिए संबंधित विभागों के सहयोग से प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने तीमारदारों से भी अपील की कि अस्पताल परिसर में छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें, क्योंकि आवारा कुत्तों के हमलों का सबसे आसान निशाना अक्सर बच्चे बन जाते हैं।

डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि पूर्व में भी अस्पताल परिसर से आवारा कुत्तों को हटाने के प्रयास किए गए थे, लेकिन उस दौरान कुछ पशु प्रेमियों द्वारा अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने के कारण कार्रवाई प्रभावित हुई थी। इसके बावजूद अब दोबारा प्रभावी समाधान की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि रविवार शाम जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती सहारनपुर निवासी तीन वर्षीय मीरब पर अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। इस हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसके शरीर पर कई गहरे घाव हो गए थे। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।

फिलहाल बच्ची का उपचार जारी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका की आगामी कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। परिजनों को उम्मीद है कि मीरब जल्द स्वस्थ होगी और अस्पताल परिसर को आवारा कुत्तों से मुक्त कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *