शाहजहांपुर में पुलिस और लूट के आरोपितों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश व एक आरक्षी घायल

शाहजहांपुर में पुलिस और लूट के आरोपितों के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश व एक आरक्षी घायल

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित थाना सिंधौली क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और लूट के दो आरोपितों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश तथा एक आरक्षी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने गुरुवार को बताया कि एसओजी और सिंधौली पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट के मामलों में वांछित दो आरोपित मोटरसाइकिल से रिंग रोड के रास्ते भागने की फिराक में हैं। सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने बाबा त्रिलोकीनाथ मंदिर के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से आरक्षी सुनील घायल हो गए, जबकि एक गोली पुलिस वाहन के अगले शीशे में भी लगी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जनपद पीलीभीत के थाना दियोरिया कलां क्षेत्र के गांव पिपरिया संजरपुर निवासी राम और उसका भाई श्याम पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक डिस्कवर मोटरसाइकिल, दो तमंचे, कारतूस, दो जोड़ी कुंडल तथा एक जोड़ी झुमके बरामद किए हैं।

सीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने 27 मई और 30 मई को सिंधौली क्षेत्र तथा 7 जून को पुवायां क्षेत्र में हुई छिनैती की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपितों की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद ली थी।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास है और उनके विरुद्ध करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *