केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, घोड़े से गिरकर युवक की मौत, फर्रुखाबाद में शोक की लहर

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, घोड़े से गिरकर युवक की मौत, फर्रुखाबाद में शोक की लहर

फर्रुखाबाद। उत्तराखंड में बाबा केदारनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के दल के साथ एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े का संतुलन बिगड़ने के कारण एक युवक गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज तहसील अंतर्गत कंपिल नगर (मोहल्ला मांझगांव) निवासी प्रिंस शुक्ला (28) के रूप में हुई है। इस दुखद खबर के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शव आने की राह निहारते निहारते परिजनों की आँखे पथरा गई है।

दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस शुक्ला बीते शुक्रवार को अपने ससुराल के लोगों और मित्रों सहित लगभग एक दर्जन साथियों के साथ बाइकों से केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे, बाबा केदारनाथ के दर्शन करने के बाद प्रिंस घोड़े पर सवार होकर सोनप्रयाग की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रा मार्ग पर अचानक घोड़े से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरी खाई में जा गिरे।

रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले थमी सांसें

हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों और साथी तीर्थयात्रियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और प्रिंस की सांसें थम चुकी थीं।

तीन साल पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रिंस शुक्ला कंपिल के नरेंद्र शुक्ला के पुत्र थे। वे चार बहनों और दो भाइयों में बेहद जिम्मेदार और मिलनसार स्वभाव के थे। करीब तीन साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और उनका एक साल का मासूम बेटा भी है। घटना से कुछ घंटे पहले ही प्रिंस की फोन पर अपने परिजनों से बात हुई थी, जिससे परिवार को इस अनहोनी पर विश्वास नहीं हो रहा है। मृतक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी बेसुध हो गई है।

इस हादसे के बाद से प्रिंस के साथ यात्रा पर गए उनके साथी भी गहरे सदमे में हैं। फिलहाल परिजन और क्षेत्र के लोग अत्यंत गमगीन माहौल में शव के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। प्रिंस शुक्ला के पिता का कहना है कि बेटे का शव आने की राह निहारते निहारते पूरे परिवार की आँखे पथरा गई है। बेटे का शव गुरुवार तक नही आया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *