मेरठ में स्कॉर्पियो सवार युवक की गोली मारकर हत्या,इलाके में हड़कंप,दो हिरासत में

मेरठ में स्कॉर्पियो सवार युवक की गोली मारकर हत्या,इलाके में हड़कंप,दो हिरासत में

मेरठ। मेरठ-हापुड़ मार्ग पर पांची अंडरपास के पास सोमवार रात करीब 11 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां स्कॉर्पियो कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक के सिर में तीन गोलियां दागकर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी और फरार हो गए।

मृतक की पहचान हापुड़ जनपद के दोयमी गांव निवासी तुषार त्यागी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले में मृतक की पत्नी शिखा त्यागी ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी सहित दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, शिखा त्यागी ने बताया कि उनके पति तुषार त्यागी सोमवार शाम करीब 8 बजे घर से स्कॉर्पियो लेकर निकले थे। रात करीब 9 बजे तुषार ने व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि अरविंद उर्फ बिट्टू त्यागी उन्हें गाड़ी सहित जंगल की ओर ले जा रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

इसके कुछ देर बाद ही तुषार के दोनों मोबाइल फोन बंद हो गए। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, इसी दौरान गांव के ही कृष के फोन पर बिट्टू त्यागी का कॉल आया, जिसमें कथित रूप से बताया गया कि तुषार को गोली मार दी गई है और उनकी गाड़ी कैली ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर खड़ी है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो तुषार त्यागी अपनी स्कॉर्पियो में खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में तुषार को एनसीआर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार मृतक की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव के ही तरुण त्यागी पुत्र मुकेश त्यागी से तुषार त्यागी का विवाद हुआ था, जिसमें लाइसेंसी रिवाल्वर से जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता बिट्टू त्यागी के आवास पर कराया गया था, लेकिन उसी रंजिश ने अब खूनी रूप ले लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *