कानपुर में कोचिंग संचालक का खून से सना शव मिलने से सनसनी, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

कानपुर में कोचिंग संचालक का खून से सना शव मिलने से सनसनी, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में संचालक का रक्तरंजित शव मिला। सोमवार सुबह कोचिंग पहुंचने वाले छात्रों ने संचालक को मृत अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कई पहलुओं से शुरू कर दी है।

यशोदा नगर निवासी प्रकाश चंद्र गुप्ता (47) नवाबगंज के विष्णुपुरी क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर का संचालन करते थे। वह पिछले करीब दस वर्षों से एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान की फ्रेंचाइजी चला रहे थे। रविवार शाम उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया था कि वह आईपीएल फाइनल मैच देखने के बाद कोचिंग सेंटर में ही रुकेंगे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।

आज सुबह जब छात्र कोचिंग पहुंचे तो संचालक का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112, नवाबगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक की एक आंख के ऊपर चोट का निशान मिला है और मुंह से खून निकलने के संकेत भी मिले हैं। मृतक मधुमेह से पीड़ित थे और शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस को उनके पास से पर्स, घड़ी और करीब 15 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं, जिससे लूट की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले के खुलासे के लिए एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *