मेटा के स्वामित्व वाला मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप यूजर्स के लिए समय-समय पर अपने फीचर्स में बदलाव करता रहता है। इससे यूजर्स का एक्सपीरियंस बढ़ता है। अब कंपनी ने पहले से मौजूद एक फीचर को अपडेट किया है, जिसके बाद यूजर्स मैसेज भेजने के 2 दिन बाद भी उसे परमानैंट (स्थायी रूप से) डिलीट कर सकेंगे। इससे पहले ऐसा करने के लिए लगभग एक घंटे का समय मिलता था।

अपने फीचर में बदलाव की घोषणा व्हाट्सएप ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर पर करते हुए कहा, ‘‘अपने मैसेज पर फिर से विचार कर रहे हैं? अब आपके पास मैसेज भेजने के बाद उसे चैट से हटाने के लिए 2 दिन से अधिक का समय होगा।’’ 2018 में कंपनी ने इस फीचर को एक घंटे की टाइम लिमिट के साथ लांच किया था। इससे भी पहले मैसेज को डिलीट करने की टाइम लिमिट 7 मिनट की होती थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1 घंटा 8 मिनट किया गया था। नए फीचर का इस्तेमाल करने के लिए दोनों यूजर्स (सैंडर और रिसीवर) के पास व्हाट्सएप का लेटैस्ट वर्जन होना चाहिए।
