गुटेरेस ने की संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों की भर्त्सना

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) और युगांडा के सीमावर्ती शहर में शांति सैनिकों द्वारा दो स्थानीय लोगों की गोली मारकर की गयी हत्या करने के मामले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
गुटेरेस के उप प्रवक्ता फरहान हक ने जारी बयान में कहा, “इस घटना के कारण हुई मौतों और घायल हुए लोगों को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बेहद दुखी एवं आहत हैं।” गुटेरेस ने इस दु:खद घटना में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना भी की है।
गुटेरेस ने जाेर देकर कहा है कि ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी तय होना बेहद ज़रूरी है।
गौरतलब है कि डीआरसी में कसिंदी के पूर्वोत्तर प्रांत नॉर्थ किवु में संयुक्त राष्ट्र स्थायित्व मिशन के सैन्यकर्मियों ने रविवार को स्थानीय लोगों पर गोलीबारी कर दी थी। इस बारे में कांगो सरकार की ओर से दी गयी जानकारी में बताया गया कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि अन्य 15 घायल हो गये।
इस पूरे घटनाक्रम पर डीआरसी में संयुक्त् राष्ट्र मिशन के विशेष प्रतिनिधि बिंटोउ केटा ने कहा कि इंटरनेंशन ब्रिगेड के कुछ सैनिकों ने अकारण ही गोलीबारी की। उन्होंने सैनिकों के इस व्यवहार को पूरी तरह से गैरज़िम्मेदाराना बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को लेकर उनके पास कहने को कोई शब्द नहीं हैं। साथ ही बताया कि इसके लिए ज़िम्मेदार सैनिकों की पहचान कर ली गयी है और गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इस मामले की जांच कांगो के अधिकारियों के साथ मिलकर शुरू कर दी गयी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *