चोरी-छिपे मक्का पुहंचा गैर-मुस्लिम पत्रकार, वीडियो देखकर भड़के लोग, मदद करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार

एक ग़ैर-मुस्लिम पत्रकार के मक्का शहर में पहुंचने पर बहुत बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इसे लेकर दुनियाभर के मुसलमान काफी नाराज हो गए हैं। दरअसल, मक्का में गैर मुस्लिमों के प्रवेश पर बैन है। वहीं इजरायल के एक यहूदी पत्रकार की सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का से की गई रिपोर्टिंग पर बवाल मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह पत्रकार चोरी-छिपे सऊदी अरब के मक्का शहर में पहुंचा था। वहीं रिपोर्ट की इस काम में मदद करने वाले सऊदी के नागरिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बता दें, सऊदी स्थित मक्‍का इस्‍लाम धर्म के संस्‍थापक पैगंबर मोहम्‍मद की जन्‍मस्‍थली है। इसलिए यह जगह मुसलमानों के लिए काफी पवित्र मानी जाती है। हर साल दुनिया भर के मुस्लिम अनुयायी यहां हज करने के लिए पहुंचते हैं। हाल ही में हज यात्रा संपन्न हुई। दुनियाभर के मुसलमान इस यात्रा पर पहुंचे थे और शांति-अमन की मांग की थी। इसी बीच इजरायल के एक यहूदी पत्रकार की चर्चा जमकर हो रही है।

बताया जा रहा है कि इस्त्राइल के एक चैनल ने सोमवार, 13 जुलाई को मक्का की एक रिपोर्ट दिखाई थी। इस रिपोर्ट में चैनल के वर्ल्ड न्यूज एडिटर गिल तमारी मक्का शहर में घूमते और रिपोर्टिंग करते दिख रहे हैं। मक्का शहर की इस रिपोर्ट में विश्व प्रसिद्ध मक्का गेट को भी दिखाया गया है। मक्का शहर की सीमा इसी गेट से मानी जाती है। इस गेट के अंदर किसी भी गैर मुस्लिम के प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है। किसी गैर मुस्लिम के यहां आने पर उन पर जुर्माना सहित डिपोर्ट तक किया जा सकता है।

रिपोर्टर तमारी इस प्रसिद्ध मक्का गेट से गुजरते नजर आए। उन्होंने मक्का के बाहरी इलाके में स्थित माउंट अराफात पर सेल्फी भी ली जहां पर हज के लिए बड़ी तदाद में हाजी इकट्ठा होते हैं। तमारी के इस मक्का यात्रा को लेकर दुनियाभर के मुसलमान काफी नाराज होते हुए दिखे। सोशल मीडिया पर ‘ज्यू इन द हरम’ हैशटैग भी चलाया जा रहा है।

हालांकि इस मामले में विवाद को बढ़ता देख चैनल 13 ने इसे लेकर माफी भी मांगी, मगर साथ में इसने अपने रिपोर्टर की तारिफ करते हुए कहा कि हमारे वर्ल्ड न्यूज एडिटर गिल तमारी की मक्का यात्रा एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसका उद्देश्य मुस्लिमों की भावनाएं आहत करना नहीं था। अगर इससे किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो हमें खेद है।

पत्रकार तमारी ने भी ट्वीट करते हुए मांफी मांगी और कहा, “इस वीडियो का उद्देश्य मक्का और वहां के महत्वपूर्ण जगहों की सौंदर्यता को दिखाना था न कि किसी के भावनाओं को चोट पहुंचाना था।”

वहीं, सउदी ने हिब्रू भाषा में वीडियो जारी कर कहा कि इजराइल के मेरे प्यारे दोस्तों आपका एक पत्रकार मक्का शहर में आता है और पूरा शहर घूमकर वीडियो बनाता है और आपका चैनल उसे प्रसारित भी करता है। आपको शर्म आनी चाहिए। यदि हम आपके पवित्र स्थल पर धोखे से आ जाएं तो कैसा लगेगा। आप लोगों ने इस्लाम धर्म का अपमान किया है।

बता दें मक्का में जाने के लिए एक विशेष परमिट की आवश्यकता पड़ती है, जिसे काफी जांच पड़ताल के बाद बनाया जाता है। जो इस बात का सबूत होता है कि इस जगह पर जा रहा व्यक्ति मुस्लिम है। लोगों का ऐसा मानना है कि यदि कोई गैर मुस्लिम इस जगह पर आता है तो इस पाक जगह की पवित्रता नष्ट हो जाएगी। इस यात्रा में यहूदी पत्रकार की मदद करने वाले सऊदी नागरिक को मक्का पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

शख़्स पर आरोप है कि उसने यहूदी पत्रकार को ग्रैंड मक्का मस्जिद से लेकर अराफात तक पहुंचने में मदद की जिस रास्ते का मुस्लिम समुदाय के लोग हज के दौरान इस्तेमाल करते हैं। मक्का पुलिस के एक प्रवक्ता के मुताबिक़ यहूदी पत्रकार को मक्का शहर पहुंचने में मदद करने वाले सऊदी नागरिक पर कार्रवाई होगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *