राज्य
कुट्टू का आटा खाने से दर्जनो लोग बीमार
बीमार लोगो का सरकारी व प्राइवेट चिकित्सालय में चल रहा उपचार एसडीएम शामली ने खाद्य विभाग के साथ बाजार में की छापेमारी, सैंपल भरे दुकानदारों में मचा हड़कम्प, कार्रवाई के डर से कई लोगों ने दुकानें बंद की


थानाभवन। कुट्टू का आटा खाने से दर्जनों लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया तो कई लोग प्राइवेट चिकित्सक से इलाज करा रहे हैं। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेकर एसडीएम शामली को कार्रवाई का आदेश दिए। आदेश के बाद एसडीएम शामली खाद विभाग की टीम के साथ बीमार लोगों के घर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। टीम ने दुकानदार के यहां से सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए। कार्रवाई से घबराए कई लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दी।
थानाभवन में नवरात्रि के त्यौहार पर रात्रि के समय व्रत खोलने के लिए लोगों ने कुट्टू का आटा इस्तेमाल किया। जिसके बाद थानाभवन के मोहल्ला हाफिज दोस्त निवासी स्नेहलता पत्नी धर्मपाल, मीनाक्षी पुत्री धर्मपाल, सारिका पत्नी संजीव, गीता पत्नी महिपाल, पूजा पत्नी प्रमोद, परवेश पुत्र पप्पू, राम लेश पत्नी पप्पू बेबी पत्नी लाला को उल्टी लगने और चक्कर आने की शिकायत होने लगी जिनमें से 2 महिलाओं की ज्यादा हालत खराब होने के कारण उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही बाकी लोग अपने घर पर ही प्राइवेट चिकित्सक की निगरानी में इलाज करा रहे थे। इसकी सूचना सोशल मीडिया में फैलते ही जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया और

एसडीएम शामली को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। एसडीएम शामली बृजेश कुमार सबसे पहले कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए लोगों के घर पहुंचे उन्होंने बीमार लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली पूछताछ में पता चला कि उक्त लोगों ने कस्बे की सतीश कुमार पवन कुमार की किरयाना की दुकान से कुट्टू के आटे को मंगाया था। जिसकी रोटी बनाकर खाई थी। जिसके बाद रात्रि के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर लोगों के उपचार का आदेश दिया। चिकित्सक डॉक्टर विक्रम भी मौके पर पहुंचे और लोगों का उपचार शुरू कर दिया। हालांकि लोगों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। डाक्टर का कहना है कि फूड पोइज़निंग के कारण तबीयत खराब हुई है उपचार चल रहा है, जल्दी ठीक हो जाएंगे।
एसडीएम शामली बृजेश कुमार खाद्य विभाग की टीम के साथ थानाभवन आजाद मार्ग पर सतीश कुमार पवन कुमार किरयाना की परचून की दुकान पर पहुंचे। जहां से उन्होंने कुट्टू का आटा, सरसों का तेल एवं कई अन्य सामग्री का सैंपल लेकर सील बंद कर जांच के लिए भिजवाए। खाद विभाग की टीम ने थानाभवन दिल्ली सहारनपुर हाईवे मार्ग पर स्थित मनीराम की दुकान से भी सामक के चावल का सैंपल लिया और कई दुकानों पर टीम ने सैंपल लेकर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के डर से व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद कर दी और हंगामा काटना शुरू कर दिया। विरोध के कारण टीम वापस लौट गई।
कस्बे में कई जगह पर लोग कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए हैं। जिनका प्राइवेट चिकित्सकों के यहां इलाज चल रहा है। थानाभवन सरस्वती विहार निवासी सोनिया त्यागी जो सरकारी अध्यापक हैं। उन्होंने भी सतीश कुमार पवन कुमार की दुकान से कुट्टू का आटा मंगाकर रोटी बनाकर खाई थी। सोनिया त्यागी एवं उनके बेटे उदित की भी हालत खराब होने के कारण उन्हें शामली के प्राइवेट चिकित्सक डीपी गुप्ता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फोन पर जानकारी देकर बताया कि उनकी हालत खराब होने के कारण उन्हें भर्ती कराया गया है।उन्होंने कुट्टू का आटा का इस्तेमाल किया था।
कुट्टू का आटा खाने से फूड प्वाइजनिंग के कारण कुछ लोगों की तबीयत खराब हो गई है जिसकी सूचना का संज्ञान लेकर उप जिला अधिकारी एवं खाद्य विभाग की टीम को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को लोगों का उपचार का आदेश दिया गया है।



