बुलंदशहर। उत्त्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव क्वार्सी में बृहस्पतिवार को पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में भतीजे ने अपने चाचा की गोली मार कर हत्या कर दी। यह घटना 55 लाख रुपए के बकाया को लेकर हुई । पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

गांव क्वार्सी निवासी 50 वर्षीय बृजमोहन उर्फ गुड्डू ने कुछ समय पहले अपने भतीजे कृष्णकांत उर्फ मलुआ शर्मा से 55 लाख रुपए उधार लिए थे। कृष्णकांत लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन बृज मोहन रकम नहीं लौटा पा रहे थे। रुपए वापस न मिलने से नाराज कृष्णकांत ने बृजमोहन के खेत को जोतना शुरू कर दिया। जब बृजमोहन को इसकी जानकारी हुई, तो वे खेत पर पहुंचे और भतीजे द्वारा खेत जोते जाने का विरोध किया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद बढ़ने पर कृष्णकांत ने फायरिंग कर दी, जिसमें बृजमोहन को गोली लगी। गोली लगने से बृजमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित कृष्णकांत ने खुद 112 नंबर पर पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि उसका चाचा के साथ झगड़ा हुआ था और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अंतरिक्ष जैन एस पी देहात ने बताया आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

