2 मुस्लिम छात्रों ने जीती रामायण पर हुई ऑनलाइन क्विज, बोले-भगवान राम से सबको लेनी चाहिए प्रेरणा

केरल के मलप्पुरम के दो मुस्लिम छात्रों (बासित और जाबिर) ने ऑनलाइन रामायण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जीतकर लोगों को हैरान कर दिया। महान महाकाव्य के गहन ज्ञान ने बासित और जाबिर को विजेता बनाने में मदद की है। इस प्रतियोगिता का ऑनलाइन आयोजन दिग्गज प्रकाशक कंपनी डीसी बुक्स ने किया था। दोनों उत्तरी केरल जिले के वलांचेरी में केकेएसएम इस्लामिक एंड आर्ट्स कॉलेज के छात्र हैं।

छात्रों ने कहा कि वे बचपन से महाकाव्य के बारे में जानते थे। उन्होंने वाफी पाठ्यक्रम में शामिल होने के बाद रामायण और हिंदू धर्म के बारे में गहराई से पढ़ना और सीखना शुरू कर दिया, जिसके पाठ्यक्रम में सभी प्रमुख धर्मों की शिक्षाएं हैं।

जाबिर ने कहा, ‘सभी भारतीयों को रामायण और महाभारत महाकाव्यों को जरूर पढ़ना और इससे सीखना चाहिए क्योंकि यह दोनों महाकाव्य देश की संस्कृति, परंपरा और इतिहास का हिस्सा हैं। मेरा मानना है कि इन ग्रंथों को सीखना और समझना हमारी जिम्मेदारी है। भगवान श्री राम को अपने पूज्यनीय पिता दशरथ से किए गए वादे को पूरा करने के लिए अपने राज्य का भी त्याग करना पड़ा। सत्ता के लिए अंतहीन संघर्षों के दौर में रहते हुए, हमें राम जैसे पात्रों और रामायण जैसे महाकाव्यों के संदेश से प्रेरणा लेनी चाहिए। बासित ने कहा कि कोई भी धर्म नफरत को बढ़ावा नहीं देता, बल्कि केवल शांति और सद्भाव का प्रचार करता है। बासित ने कहा कि प्रश्नोत्तरी जीतने के लिए उसने रामायण को और गहराई से पढ़ा तो बहुत कुछ सीखने को मिला।

रामायण में सबसे पसंदीदा चौपाई कौन-सी है के सवाल पर बासित ने कहा कि ‘अयोध्याकांड’ की हर चौपाई। इसमें लक्ष्मण के क्रोध और भगवान राम की ओर से अपने भाई को दी जा रही सांत्वना का वर्णन बहुत खूबसूरती से किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *