नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बिते बुधवार 31 अगस्त को तड़के पुलिस की वर्दी पहने एक शख्स समेत चार लोगों ने दो व्यक्तियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल कर करीब 4 करोड़ रुपये के गहने कथित रूप से लूट लिये थे जिसके 3 दिन बाद पुलिस ने मामला सुलझा लिया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को पेटीएम एक सुराग से आरोपियों को हिरासत में लिया।

दरअसल, इनमें से एक आरोपी की पहचान सीसीटीवी से हुई। वारदात से पहले आरोपियों में से एक ने कैब चालक को 100 रुपए कैश और 100 रुपए पेटीएम किए थे फिर 100 रुपए चाय वाले को दिए थे। कैब चालक से पूछताछ के बाद आरोपी का मोबाइल नम्बर मिला जिसके बाद तीन आरोपी जयपुर से पकड़े गए। लूटी हुई ज्वैलरी बरामद कर ली गई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बता दें कि कूरियर सेवा का मालिक तड़के अपने एक साथी के साथ पहाडगंज में खड़ी अपनी गाड़ी के पास जा रहा था तभी यह वारदात हुई। पुलिस के अनुसार पहाड़गंज थाने को सुबह चार बजकर करीब 49 मिनट पर घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि आभूषणों को पहुंचाने की कूरियर सेवा चलाने वाले इस शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पहाड़गंज में चार लोगों ने उसके साथ लूटपाट की। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी पुलिस की वर्दी पहना हुआ था।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि चार व्यक्तियों ने यह कहते हुए उससे और उसके साथी से रुकने को कहा कि वे यह जांच करना चाहते थे कि दोनों क्या ले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके बाद आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और वे उनके दो बैग लेकर चंपत हो गए जिनमें ज़ेवरात थे और इन बैगों को चंडीगढ़ और लुधियाना ले जाना था।